पटोरी। केंद्र की एनडीए सरकार के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित करने और अपनी आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से मोहिउद्दीननगर एवं पटोरी प्रखंड क्षेत्र से इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं का जत्था दिल्ली के लिए रवाना हुआ। सभी नेता एवं कार्यकर्ता आगामी एक नवंबर 2026 को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित रैली में शामिल होंगे। इस दौरान केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए विरोध का बिगुल फूंकेंगे।दिल्ली रवाना होने वाले जत्थे में माकपा के जिला किसान नेता मनोज प्रसाद सुनील, पटोरी प्रखंड प्रमुख सह राजद प्रखंड अध्यक्ष सुरेश राय, नगर राजद अध्यक्ष रामशंकर राय, पैक्स अध्यक्ष रामशंकर राय, कुमार देवानंद, श्रवण कुमार सहित इंडिया गठबंधन के कई अन्य नेता, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल थे।नेताओं ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली के माध्यम से केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की जाएगी। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर इंडिया गठबंधन लगातार संघर्ष कर रहा है। इसी कड़ी में दिल्ली की रैली को सफल बनाने के लिए बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।





