रांची: राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है. बीती रात हजारीबाग के एके इंटरनेशनल होटल में और रांची के कांके थाना क्षेत्र में कोयला कारोबारी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने की घटना के महज 12 घंटे के भीतर पुलिस ने अपराधियों को घेर लिया.
धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड के पास सीठियो इलाके में हुई इस एनकाउंटर में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक अपराधी को गोली लगी है. मिली जानकारी के अनुसार, घायल अपराधी का नाम सौरभ कुमार है, वहीं पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के कुल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया हैं.
क्या है पूरा मामला?
बीती रात कांके थाना क्षेत्र के प्रेमनगर में रहने वाले कोयला कारोबारी संजय करमाली के घर पर बेखौफ अपराधियों ने दहशत फैलाने के मकसद से अंधाधुंध फायरिंग की थी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया और अपराधियों की तलाश तेज कर दी.
कैसे हुई मुठभेड़?
शुक्रवार को पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली कि राहुल दुबे गिरोह’ के अपराधी कांके में वारदात को अंजाम देने के बाद शहर से भागने की फिराक में हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर राहुल दुबे गिरोह से जुड़े चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गिरफ्तार किए गए अपराधियों ने पुलिस को बताया कि उसका एक साथी धुर्वा थाना क्षेत्र के रिंग रोड से पहले सीठियो इलाके में आने वाला है. इसके बाद पुलिस की टीम जैसे ही मौके पर पहुंची तो इसी दौरान अपराधी ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी.
पुलिस के द्वारा बताया गया कि हम लोग पुलिस की टीम से हैं. इसके बाद भी पुलिस के ऊपर अपराधी के द्वारा गोलीबारी जारी रखी गई. जिसके बाद पुलिस की टीम के द्वारा आत्मरक्षा में गोलीबारी की गई जिसमें अपराधी के पैर में गोली लगी है. जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
भारी मात्रा में हथियार और गोलियां बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है, जिसमें. चार से अधिक पिस्टल, कई राउंड जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई कई मोटरसाइकिल
कई अन्य आपराधिक घटनाओं में भी थे शामिल
शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह क्षेत्र में लगातार रंगदारी और दहशत फैलाने की वारदातों में शामिल रहा है. कुछ ही दिनों पहले बुढ़मू थाना क्षेत्र स्थित छापर बालू घाट पर हुई गोलीबारी की घटना को भी इसी गिरोह के गुर्गों ने अंजाम दिया था.
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी, छापेमारी जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ मुठभेड़ स्थल पर पहुंचे और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी. वहीं बताया जा रहा है कि मौजूदा समय में घटना स्थल पर कई थाना के थाना प्रभारी मौजूद है उसके साथ घटना स्थल पर हटिया डीएसपी नीरज कुमार भी मौजूद हैं.





